Durg Bus Accident: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में दर्दनाक हादसा, खदान में गिरी बस, 12 लोगों की गई जान | Moneycontrol Hindi
Moneycontrol
Get App

Durg Bus Accident: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में दर्दनाक हादसा, खदान में गिरी बस, 12 लोगों की गई जान

Durg Bus Accident: डीएम ऋचा प्रकाश चौधरी ने बताया कुम्हारी में केडिया डिस्टिलर्स के मजदूरों को ले जा रही एक बस रात करीब 8.30 बजे खाई में गिर गई। 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 14 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में भर्ती सभी लोगों की हालत स्थिर है। दुर्घटना का कारण जानने के लिए मजिस्ट्रेट जांच की जा रही है

अपडेटेड Apr 10, 2024 पर 1:37 AM
Story continues below Advertisement
Durg Bus Accident: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में दर्दनाक हादसा, खदान में गिरी बस

Durg Bus Accident: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को एक बस के खदान में गिरने से तीन महिलाओं समेत 12 लोगों की मौत हो गई है और 14 लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया है। दुर्ग जिले के SP जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि कुम्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के करीब मुरम (लाल मिट्टी) की एक खदान में बस के गिरने से वाहन में सवार 12 लोगों की मौत हो गई है और 14 लोग घायल हो गए।

इससे पहले पुलिस अधीक्षक ने हादसे में 15 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी थी। हालांकि, बाद में उन्होंने बताया कि मृतकों की लिस्ट में कुछ नामों को एक से ज्यादा बार शामिल कर लिया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुम्हारी क्षेत्र में स्थित केडिया डिस्टिलरीज की बस कर्मचारियों को लेकर निकली थी और बस में 30 से ज्यादा कर्मचारी सवार थे।


कंट्रोल खोकर बस खदान में गिरी

अधिकारियों ने बताया कि घटना मंगलवार रात साढ़े आठ बजे उस समय हुई, जब बस खपरी गांव के करीब पहुंची और अनियंत्रित होकर 40 फुट गहरे मुरम खदान में गिर गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

घटनास्थल में अंधेरा होने के कारण शुरू में बचाव कार्य में परेशानी हुई। कुछ देर बाद स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स और पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों और घायलों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया है और खदान से बस को निकालने की कोशिश की जा रही है।

12 घायलों को AIIMS रायपुर रेफर किया

दुर्ग जिले की कलेक्टर रिचा प्रकाश चौधरी ने बताया कि इस घटना में 12 लोगों की मौत हुई है और 14 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में से 12 को रायपुर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है।

चौधरी ने बताया कि मामले की दंडाधिकारी जांच कराई जाएगी और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद खदान मैनेजमेंट से बात की गई है। मैनेजमेंट की ओर से हादसे में पीड़ित लोगों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है। वहीं प्रशासन की ओर से मुआवजे की घोषणा की जाएगी। उद्योग से परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने पर पर भी चर्चा की गई है।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख जताया है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने 'X' पर कहा, "छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार बहुत दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं! मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए 'X' पर कहा, ''छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।''

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इस हादसे पर दुख जताया है।

साय ने 'X' पर कहा, ''दुर्ग के कुम्हारी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुखद सूचना प्राप्त हुई। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। दुर्घटना में घायल कर्मचारियों के इलाज का समुचित प्रबंध किया गया है। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।''

Horoscope Today: नवरात्रि के दूसरे दिन इन राशियों की मोटी कमाई, अचानक मिलेगा पैसा लेकिन इन राशि वाले को हो सकता है घाटा

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Apr 10, 2024 1:25 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।