दुर्ग निगम का बजट : कोई नया कर नहीं, लाभ का होगा बजट
दुर्ग निगम के वित्तीय वर्ष का बजट लाभ का होगा। बजट में शहर की जनता पर किसी तरह का कोई नया कर नहीं लगाया गया है। बजट में शहरवासियों के लिए कुछ नई योजनाओं को भी शामिल करने पर विचार किया गया। पार्षदों व एमआइसी प्रभारियों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी चर्चा की गई।
By Nai Dunia News Network
Publish Date: Fri, 19 Mar 2021 06:08 PM (IST)
Updated Date: Fri, 19 Mar 2021 06:08 PM (IST)
दुर्ग। दुर्ग निगम के वित्तीय वर्ष का बजट लाभ का होगा। बजट में शहर की जनता पर किसी तरह का कोई नया कर नहीं लगाया गया है। बजट में शहरवासियों के लिए कुछ नई योजनाओं को भी शामिल करने पर विचार किया गया। पार्षदों व एमआइसी प्रभारियों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी चर्चा की गई। बजट बैठक को एमआइसी ने संशोधन के साथ पारित कर दिया। महापौर धीरज बाकलीवाल 27 मार्च को बजट पेश करेंगे।
दुर्ग निगम के वित्तीय वर्ष के बजट को लेकर गुरुवार को निगम एमआइसी की बैठक डाटा सेंटर में हुई। बैठक करीब साढ़े पांच घंटे तक चली। प्राप्त जानकारी के अनुसार निगम प्रशासन द्वारा वित्तीय वर्ष के लिए तीन सौ पचास करोड़ 49 लाख 45 हजार रुपये का बजट तैयार किया गया है। बजट को फायदे का बताया जा रहा है। बैटक में दुर्ग निगम के राजस्व एवं पंजीगत आय-व्यय पर मदवार विस्तार से चर्चा की गई। निगम स्वामित्व की दुकानों के आवंटन पर विचार-विमर्श कर उसका दर निर्धारित कर प्रस्ताव लाया गया। बैठक में भवन अनुज्ञा शुल्क पर भी नियम और शर्तों के साथ शुल्क लिए जाने के संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में निगम आयुक्त हरेश मंडावी, सभापति राजेश यादव, एमआइसी प्रभारी अब्दुल गनी, संजय कोहले,सत्यवती वर्मा, भोला महोबिया, मनदीप सिंह भाटिया,जयश्री जोशी,जमुना साहू, शंकर सिंह ठाकुर, अनुप चंदानियॉ, कार्यपालन अभियंता सुशील कुमार बाबर, मोहनपुरी गोस्वामी एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे। पुलगांव नाला डायवर्सन के काम पर रोक
बजट बैठक में पुलगांव नाला के डायवर्सन कार्य पर रोक लगाए जाने के संबंध में चर्चा की गई। एमआइसी प्रभारियों का कहना था कि डायवर्सन के बाद भी नाला का गंदा पानी शिवनाथ नदी में ही जाकर मिलेगा। अधिकांश सदस्यों ने सुझाव दिया कि नाला डायवर्ट करने के बजाए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। इस काम को बजट में संशोधन सहित शामिल किए जाने पर सबने सहमति जताई।